कंटेनर में बना रखा था गुप्त तहखाना, 426 किलो गांजे की खेप बरामद; तस्करी के बड़े नेटवर्क की तलाश में पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गढ़वा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कंटेनर वाहन में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर ले जाए जा रहे 426 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कंटेनर के अंदर विशेष रूप से गुप्त बॉक्स तैयार कराया था, जिसमें गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस की जांच के दौरान कंटेनर के अंदर बनाए गए गुप्त बॉक्स का खुलासा हुआ। तलाशी लेने पर उसमें गांजे के कुल 426 पैकेट बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने गांजे की पूरी खेप जब्त करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई

इस बड़ी कार्रवाई को वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित छापेमारी टीम ने अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिल्लू लोहरा कर रहे थे। छापेमारी दल में गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, पुलिस अवर निरीक्षक रजनी रंजन, कुमार साह, बिबकु रजक, सुबोध बढ़ाईक, सहायक अवर निरीक्षक राघवेंद्र सिंह एवं अभिमन्यु सिंह शामिल थे। इनके अलावा आरक्षी मनोज कुमार यादव, चालक धीरेंद्र कुमार दुबे सहित गढ़वा थाना के सशस्त्र बल के जवानों ने भी कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।

चालक और वाहन मालिक की तलाश जारी

गांजे की इतनी बड़ी खेप बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही कंटेनर चालक और वाहन मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

तस्करी के नेटवर्क पर उठे सवाल

कंटेनर के अंदर गुप्त बॉक्स बनाकर गांजे की इतनी बड़ी खेप ले जाने की कोशिश ने तस्करी के संगठित नेटवर्क की आशंका को गहरा कर दिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गुप्त बॉक्स किसने तैयार कराया था और इस पूरे कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें