गढ़वा। दीपावली के पावन अवसर पर दयानंद आर्य वैदिक लीलावचन पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी अद्भुत कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों, फूलों एवं आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से सुंदर और मनमोहक रंगोलियाँ बनाईं। बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल देखते ही बन रहा था। रंग-बिरंगी रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपावली के उत्सवी रंग में सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री सुरेंद्र विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान करना भी है। इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, कलात्मक सोच, अनुशासन एवं आपसी सहयोग की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास करना चाहिए।
वहीं विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार ने बच्चों के उत्साह एवं प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं में रिजवान अंसारी, अनूप राम, नागेंद्र प्रसाद ठाकुर, विश्वजीत कुमार अंबष्ट,शमा परवीन, प्रियंका कुमारी,राधिका कुमारी,फरहाना खातून, नीरावती कुंवर कर्मचारियों में बलराम शाह, अंकित कुमार पासवान, अंजू देवी, रोशन कुमार सिंहऔर राकेश कुमार सिंह उपस्थित रहे
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि, ज्ञान एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता








