गढ़वा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन को लेकर शनिवार, 7 नवंबर 2026 को ग्राम गम्हरिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सनराइज क्लब गम्हरिया के अध्यक्ष अजय प्रसाद यादव ने की। इस अवसर पर रॉक क्लब के अध्यक्ष विश्वजीत कुशवाहा सहित गांव के गणमान्य व्यक्ति, अभिभावकगण एवं समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी छठ महापर्व को लेकर विभिन्न तैयारियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसमें छठ घाट की साफ-सफाई, घाटों के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे और आपसी सहयोग से छठ पूजा को बेहतर तरीके से संपन्न कराने पर सहमति जताई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव के सभी लोगों को एकजुट कर छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान सभी सदस्यों ने स्वच्छता, सुरक्षा एवं सामाजिक एकता को प्राथमिकता देते हुए महापर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से मनाने का संकल्प लिया।
सनराइज क्लब एवं रॉक क्लब के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग का भी संदेश देता है। गांव के सभी लोगों के सामूहिक प्रयास से छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक के अंत में सभी ग्रामीणों से छठ पूजा के अवसर पर स्वच्छता बनाए रखने, आपसी सद्भाव कायम रखने तथा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
जय छठी मैया!
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता








