गढ़वा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि झारखंड सरकार पत्रकारों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भारत मित्र के पत्रकार अभिषेक भारती पर खबर दिखाने के बाद कथित रूप से फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने की घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया।
रितेश चौबे ने कहा कि हेमंत सरकार झारखंड में वर्ष 1974 जैसी स्थिति उत्पन्न करना चाहती है। जिस प्रकार तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में देश ने तानाशाही का दौर देखा था, उसी प्रकार की स्थिति झारखंड में भी पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए थी, लेकिन सरकार खबर दिखाने वाले पत्रकार को ही दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध, लूट, चोरी, हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार एक ओर मंईयां सम्मान योजना की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अराजकता का माहौल कायम है और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
चौबे ने कहा कि जब भी कोई पत्रकार या सामाजिक कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाता है, तो उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। पत्रकार पर मुकदमा दर्ज होना और प्रेस कार्यालय में रात के समय छापेमारी जैसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने आगे कहा कि झामुमो सरकार में आदिवासी समाज सहित कोई भी वर्ग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। सरकार को पत्रकारों की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









