पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में हुसैनाबाद प्रगतिशील पत्रकार मंच, राज्यपाल के नाम सौंपा मांग पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

एफआईआर की समीक्षा कर वापस लेने, पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा की उठाई मांग

पलामू। पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज एफआईआर एवं कथित प्रताड़ना के विरोध में हुसैनाबाद प्रगतिशील पत्रकार मंच ने महामहिम राज्यपाल के नाम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को मांग पत्र सौंपा। मंच ने इस मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप करते हुए पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

मामला ‘द भारतमित्र’ यूट्यूब चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती द्वारा सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक संवेदनशील प्रकरण की रिपोर्टिंग से संबंधित है। इस प्रकरण में एक नाबालिग आदिवासी लड़की से जुड़े यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आए हैं। मंच का कहना है कि पत्रकार अभिषेक भारती ने इस मामले को लेकर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की थी, लेकिन इसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई और उन्हें कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है।

प्रगतिशील पत्रकार मंच ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता का महत्वपूर्ण स्थान है। पत्रकार जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने और समाज को वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराने का काम करते हैं। ऐसे में निष्पक्ष रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के खिलाफ कार्रवाई और दबाव की स्थिति स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय है। यदि किसी खबर या रिपोर्टिंग को लेकर कोई आपत्ति है तो उसका समाधान निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के माध्यम से होना चाहिए।

मंच ने महामहिम राज्यपाल से मांग की है कि पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए पत्रकार अभिषेक भारती की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा कर उसे वापस लेने की दिशा में उचित पहल की जाए तथा पत्रकारों की स्वतंत्रता, सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। मंच ने कहा कि सच्चाई को सामने लाने वाले पत्रकारों का मनोबल कमजोर नहीं होना चाहिए और उन्हें बिना किसी भय, दबाव एवं प्रताड़ना के अपने पत्रकारिता संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिलना चाहिए।

मांग पत्र सौंपने वालों में कमलेश कुमार विश्वकर्मा, जितेन्द्र कुमार राउत, जितेन्द्र प्रसाद, मनोज कुमार प्रजापति, चंदन कुमार पटेल, वीरेंद्र कुमार चंद्रवंशी, हिमांशु तिवारी, जफर हुसैन, शंभू चौरसिया, सुरेंद्र प्रसाद, विकास कुमार, धनंजय कुमार, संजय ओझा एवं सैयद सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें