गढ़वा में 19-20 दिसंबर को होगा शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन, तैयारियों को लेकर केंद्रीय टीम ने की बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

1500 से अधिक आगंतुकों के ठहरने की व्यवस्था पूरी, कई राज्यों से पहुंचेंगे स्वजातीय बंधु

गढ़वा। सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 19 एवं 20 दिसंबर को गढ़वा में आयोजित होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्री शिव रिजॉर्ट में केंद्रीय टीम की बैठक गढ़वा एवं पलामू के पदाधिकारियों के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने की।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने आयोजन समिति के सदस्यों को कार्यक्रम की रूपरेखा की विस्तार से जानकारी देते हुए इस राष्ट्रीय आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंदन मिश्र ने दो दिवसीय अधिवेशन के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की समय-सारणी निर्धारित करते हुए आयोजन समिति को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से स्वजातीय बंधुओं का आगमन होगा। ऐसे में बाहर से आने वाले अतिथियों को कार्यक्रम स्थल तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने, उनके ठहरने एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठन मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्र ने आयोजन समिति के संयोजक सह कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विनोद पाठक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विनोद पाठक की पहल और मेहनत से गढ़वा को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।

केंद्रीय टीम ने गढ़वा एवं पलामू के युवा सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं के जोश, समर्पण और सक्रिय भागीदारी के बिना इतने बड़े आयोजन की सफलता की कल्पना नहीं की जा सकती। आज की युवा पीढ़ी उन्नत सोच, संघर्षशीलता और असीम क्षमताओं से परिपूर्ण है। समाज के विकास और संगठन की मजबूती में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

वहीं, कार्यक्रम संयोजक विनोद पाठक ने केंद्रीय टीम को श्री शिव रिजॉर्ट में की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1500 से अधिक आगंतुकों के ठहरने एवं अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था पूरी कर ली गई है। संभावित रूप से संख्या बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था भी सुरक्षित रखी गई है।

बैठक के बाद केंद्रीय टीम के सदस्यों ने आयोजन समिति के साथ कार्यक्रम स्थल का भौतिक निरीक्षण किया। वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखकर केंद्रीय टीम ने संतुष्टि एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सीताराम पाठक, पलामू प्रमंडलीय अध्यक्ष शचींद्र पाठक, जिलाध्यक्ष संतोष पाठक, अशोक पाठक, सत्यनारायण पाठक, ब्रजेश मिश्र, परशुराम पाण्डेय, दिलीप कुमार पाठक, मुरारी मिश्र, मृत्युंजय पाण्डेय, अरविन्द पाण्डेय, गोपाल कुलमणि, युवा अध्यक्ष दीपू पाठक, सतीश पाण्डेय, विकास पाठक, पीयूष पाठक, राहुल पाठक सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

महासंघ की ओर से सभी शाकद्वीपीय बंधुओं से इस राष्ट्रीय अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ बनाने की अपील की गई। आयोजन समिति ने देशभर से आने वाले सभी स्वजातीय बंधुओं का गढ़वा की धरती पर हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन किया है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें