गढ़वा: गढ़वा थाना क्षेत्र के नगवा आठ वार्ड निवासी उत्तम केसरी का शव मंगलवार सुबह दानरो नदी में संदिग्ध अवस्था में मिला। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तम केसरी सोमवार शाम करीब पांच बजे घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश को लेकर चिंतित थे। मंगलवार सुबह नदी में उसका शव देखा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी को दी। सूचना मिलते ही अध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









