गढ़वा में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, चौकीदार गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा जिले में बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में गढ़वा थाना में कार्यरत एक चौकीदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी पर कई युवकों से पैसे लेकर उन्हें चौकीदार की नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगवां निवासी शिवराम के पुत्र राजू पासवान, जो गढ़वा थाना में चौकीदार के रूप में कार्यरत है, ने चार युवकों को चौकीदार पद पर बहाल कराने का झांसा दिया। इस ठगी को अंजाम देने के लिए उसने एक फर्जी कागजात भी तैयार किया, जिसमें बहाली की पूरी प्रक्रिया और ड्यूटी जॉइन करने की तारीख तक अंकित थी।
युवकों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने फर्जी बहाली विज्ञापन तैयार किया, जिसमें गढ़वा थाना में चौकीदार की भर्ती का दावा किया गया था। इस झांसे में आकर कई युवक उसके संपर्क में आए और पैसे दे दिए।
मामले में अलग-अलग युवकों से अलग-अलग रकम वसूली गई। सोनपुरवा निवासी सुखाड़ी राम के पुत्र शिवकुमार से आरोपी ने 9200 रुपये नकद और 5000 रुपये फोनपे के माध्यम से लिए। वहीं सुखबाना गांव निवासी नंदलाल दास से उनके पुत्र मिथिलेश कुमार और पंकज कुमार को नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई, जिसमें से 19,400 रुपये एडवांस के रूप में ले लिए गए। इसी तरह धनंजय कुमार (पुत्र मनदीप राम, सुखबाना) से भी 5000 रुपये एडवांस के तौर पर वसूले गए।
इस प्रकार आरोपी ने बेरोजगार युवकों को झांसा देकर उनसे हजारों रुपये ठग लिए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शिवकुमार ने बहाली से संबंधित कागजात किसी अन्य व्यक्ति को दिखाया। जांच में कागजात फर्जी पाए गए, जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने गढ़वा थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें