गढ़वा: इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस द्वारा सोमवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल के तहत स्थानीय राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में सेनेटरी पैड वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में रंगोली प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर रोटरी श्री रमन केसरी का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान क्लब की सदस्याओं ने छात्राओं को न केवल सेनेटरी पैड वितरित किए, बल्कि मासिक धर्म और उससे जुड़ी स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की।
छात्राओं को पीसीओडी (PCOD) जैसी सामान्य लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई। इसके लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों पर प्रकाश डालते हुए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करते हुए छात्राओं को बताया गया कि इस दौरान स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्हें सेनेटरी पैड के सही उपयोग, समय-समय पर बदलाव तथा सुरक्षित निस्तारण के बारे में भी जागरूक किया गया।
क्लब की अध्यक्षा श्रीमती दीपाली अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य है कि हर बालिका अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बने और बिना किसी संकोच के इन विषयों पर खुलकर बात करे।
विद्यालय प्रशासन ने इनर व्हील क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह पहल न केवल जागरूकता बढ़ाने में सफल रही, बल्कि एक सकारात्मक एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई।
कार्यक्रम में क्लब की सचिव अंकिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष विनीता आनंद सहित सदस्य रुचि अग्रवाल, प्रीति कश्यप, सोनी गुप्ता, श्वेता सोनी, शोभा सोनी, निशा जायसवाल, रजनी गुप्ता, अर्चना कश्यप आदि उपस्थित रहीं।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










