गढ़वा, शनिवार। बी.एस.के.डी. पब्लिक स्कूल, गढ़वा में शनिवार को छात्राओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को केंद्र में रखते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस के सहयोग से “मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) in Schools” विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म केके बारे में विस्तृत जानकारी देना था।मासिक धर्म क्या होता है,कैसे शुरू होता है ,मासिक चक्रके बारे मेंऔर मासिक धर्म के दौरान होने वाले शारीरिक व भावनात्मक बदलाव जिसे हम पीएमएस या प्री मेंस्ट्रूअल सिंड्रोम कहते हैं तथा इस दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सकारात्मक सोच के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. प्रीति गुप्ता ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सही उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने, पोषणयुक्त आहार लेने तथा संक्रमण से बचाव के आवश्यक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करने तथा किसी भी असुविधा होने पर अभिभावकों एवं चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में क्लब के द्वारा छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का भी वितरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए किया गया।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस की अध्यक्ष दीपाली अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक बेटियां ही सशक्त राष्ट्र की नींव होती हैं। क्लब आगे भी महिलाओं एवं छात्राओं के हित में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
विद्यालय की चेयरमैन श्रीमती शोभा सोनी ने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता भी विद्यार्थियों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यालय सदैव छात्राओं के बेहतर भविष्य और सुरक्षित वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अंकिता अग्रवाल, प्रीति गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन ने इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










