गढ़वा केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार चरम पर पहुँच रही है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। गरीबों के चूल्हे बुझने की स्थिति में हैं, जबकि मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक बोझ से जूझ रहे हैं। विशेष रूप से घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
इस संबंध में झामुमो गढ़वा के जिला सचिव शरीफ अंसारी ने कहा कि “केंद्र सरकार की नीतियों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार पूरी तरह मौन है। गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा जनता की आवाज बनकर इस अन्याय के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर है।”
इन्हीं जनविरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ झामुमो ने कड़ा रुख अपनाते हुए आंदोलन का आह्वान किया है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सात मई दिन गुरुवार को सुबह 10 बजे से जिला समाहरणालय, गढ़वा के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।
झामुमो ने गढ़वा जिले के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस विरोध-प्रदर्शन को सफल बनाएं और बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें।
दिनांक – 07/05/2026
स्थान – समहरणालय गढ़वा
समय – 10बजे
शरीफ अंसारी
झामुमो जिला सचिव,गढ़वा
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










