मैजिक और टेंपो की भीषण टक्कर में तीन की मौत, डेढ़ दर्जन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा बबंशीधर नगर। नगर ऊंटारी-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर दहिड़िया के समीप मैजिक और टेंपो के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केतार थाना क्षेत्र के छातांकुंड गांव से लोग टेंपो पर सवार होकर श्री बंशीधर नगर के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री के छेका समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक वाहन ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में अवधेश उरांव (30 वर्ष) निवासी छातांकुंड, अजय कुमार (11 वर्ष) निवासी छातांकुंड तथा इंद्रजीत कुमार (35 वर्ष) निवासी चाचरिया, नगर ऊंटारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, भाजपा नेता कन्हैया चौबे, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद एवं थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें