स्थान: घंटाघर, रंका मोड़, गढ़वा
दिनांक: 24 सितंबर 2025 (बुधवार)
गढ़वा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर परिषद गढ़वा द्वारा बुधवार को घंटाघर, रंका मोड़ स्थित मैदान में लोक कल्याण मेला का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य शहर के पथ विक्रेताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।

योजना के अंतर्गत पथ विक्रेता अब 7% वार्षिक ब्याज दर पर ₹15,000, ₹25,000 और ₹50,000 तक के ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने हेतु लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि और प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही खाद्य पदार्थों के विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण प्रदान कर प्रमाण पत्र भी दिया गया।
इस योजना से जुड़े लाभों में पथ विक्रेताओं को निम्नलिखित 8 सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा—
- पीएम सुरक्षा बीमा योजना
- पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना
- पीएम श्रम मानधन योजना
- जननी सुरक्षा योजना
- पीएम मातृत्व वंदना योजना
- वन नेशन वन राशन कार्ड योजना
- पीएम जनधन योजना
- क्रेडिट कार्ड योजना
इसके लिए प्रत्येक लाभार्थी की प्रोफाइलिंग की जाएगी ताकि उन्हें उनकी पात्रता अनुसार योजना से जोड़ा जा सके।

इस अवसर पर नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, नगर मिशन प्रबंधन से कौशल कुमार ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, प्रतिनिधि-संतोष केसरी (निवर्तमान अध्यक्ष पिंकी केसरी), नगर परिषद के सीआरपी अनिमा मिश्रा, सुनीता कुमारी, सीमा कुमारी, अनिता देवी, कंचन कुमारी, निर्खत परवीन, किरण कुमारी, कर्ण कुमार सहित कई कर्मी एवं पथ विक्रेता उपस्थित रहे।
इच्छुक पथ विक्रेता नगर परिषद गढ़वा में संपर्क कर अपना प्रोफाइल लिंक करवा सकते हैं और योजना का लाभ उठा सकते हैं।
यह पहल पथ विक्रेताओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










