बूढ़ा पहाड़ में शांति और विकास की नई तस्वीर, स्पेशल डीजी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा, 12 मई 2026:
कभी नक्सलियों का गढ़ माना जाने वाला बूढ़ा पहाड़ अब शांति और विकास की नई पहचान बनता जा रहा है। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार बूढ़ा पहाड़ पहुंचे।
इस दौरान उनके साथ साकेत सिंह, पंकज कुमार, किशोर कौशल, आशुतोष शेखर, अमरेन्द्र कुमार सिंह एवं रोहित रंजन भी मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बूढ़ा पहाड़ में सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की तैनाती, ऑपरेशनल तैयारियों और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी गढ़वा स्थित 172 बटालियन मुख्यालय पहुंचे, जहां जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में अधिकारियों ने जवानों का मनोबल बढ़ाया और उनके कार्यों की सराहना की।
स्पेशल डीजी दीपक कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ की सतत तैनाती और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के कारण क्षेत्र में अब शांति एवं अमन का माहौल स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं अब आम जनता तक लगातार पहुंच रही हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें