राष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी नौशाद आलम ने राज्यपाल से लगाई गुहार, AIU पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा/रांची। राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके बॉक्सिंग खिलाड़ी नौशाद आलम ने आगामी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्यपाल से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (NPU), पलामू को AIU पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराने का निर्देश देने की मांग की है, ताकि वह प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें।
राज्यपाल को दिए गए आवेदन में नौशाद आलम ने बताया कि वह नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के अंतर्गत संत तुलसीदास महाविद्यालय के बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र हैं। उन्होंने बॉक्सिंग के क्षेत्र में करीब छह वर्षों तक मेहनत की है और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में झारखंड का नाम रोशन किया है। इस दौरान उन्होंने अपने कोच रामप्रवेश तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया है।
खिलाड़ी के अनुसार, आगामी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से AIU पोर्टल पर उनका पंजीकरण नहीं किया जा रहा है। आवेदन जमा करने के लिए वह पिछले दस दिनों से गढ़वा से लगभग 110 किलोमीटर दूर डालटनगंज स्थित विश्वविद्यालय मुख्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। इससे उनकी तैयारी और समय दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया है कि प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश के गलगोटियास विश्वविद्यालय में आयोजित होनी है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित होने के कारण उनके सामने समय की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
नौशाद आलम ने राज्यपाल से खेलहित में मामले पर संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय को AIU पोर्टल पर उनका पंजीकरण कराने का निर्देश देने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय पर पंजीकरण नहीं हुआ, तो छह वर्षों की मेहनत के बावजूद उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर नहीं मिल पाएगा।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें