वाहन जब्त करने के बजाय ऑनलाइन चालान काटकर छोड़ने की व्यवस्था हो : सोनू कुमार यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। वाहनों को पकड़कर दो से तीन दिनों तक थाना या अन्य स्थानों पर जब्त रखने के बजाय ऑनलाइन चालान काटकर छोड़ने की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में गढ़वा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी सोनू कुमार यादव ने सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा को आवेदन सौंपकर जनहित में उचित विकल्प निकालने की मांग की है।

सौंपे गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि परिवहन विभाग या पुलिस द्वारा वाहनों को पकड़कर सीज कर दो से तीन दिनों तक रखा जाता है। इससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर किसी व्यक्ति को आपातकालीन स्थिति में कहीं जाना हो या दूर-दराज के क्षेत्रों में वाहन पकड़ा जाए, तो आवागमन के लिए उसे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि वाहन का ऑनलाइन चालान काटकर वाहन छोड़ने की व्यवस्था होनी चाहिए। चालान जमा करने की जिम्मेदारी वाहन चालक की हो। यदि चालक चालान की राशि जमा नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से नोटिस जारी कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

सोनू कुमार यादव ने कहा कि किसी भी वाहन को दो से तीन दिनों तक थाना या अन्य स्थान पर खड़ा रखने से आम लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे यातायात नियमों का पालन भी सुनिश्चित हो और आम जनता को अनावश्यक परेशानी भी न उठानी पड़े।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें