गढ़वा पुलिस*
03.11.2026 को आशुतोष शेखर (भा०पु०से०), पुलिस अधीक्षक, गढ़वा* की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में *मासिक अपराध गोष्ठी* का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिले के सभी थाना/ओ0पी0 क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन के मद्देनजर विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा दुर्गा पूजा को जिले अंतर्गत शांत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने को लेकर सभी थाना/ओपी प्रभारी को बधाई दी गई। साथ ही आगामी त्योहार धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर जिले के सभी थाना/ओ0पी0 प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संभावित असामाजिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना में संधारित सभी पंजी को ससमय अद्यतन रखने, संभावित चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु लगातार निगरानी बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा गृहभेदन/चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने, हाल ही में जेल से निकले अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, छठ घाटों पर जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर पर प्रभावी सुरक्षात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया।
गोष्ठी के दौरान नशाखोरी, बाल-विवाह, डायन-बिसाही, सड़क सुरक्षा एवं समाज में व्याप्त अन्य कुरीतियों के विरुद्ध सभी थाना/ओ0पी0 स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में जाकर आम लोगों एवं छात्रों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित अंतराल पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच करने तथा MV Act के तहत आवश्यक कार्रवाई करने, SC/ST कांडों में मुआवजा हेतु संबंधित विभाग को ससमय प्रस्ताव भेजने एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु विशेष उपाय करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नफीस में कैदियों के फिंगर प्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।
विगत माह में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने, DGsP & IGsP Conference Portal में थानावार सभी प्रश्नों की प्रविष्टि करने तथा SC/ST एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित कांडों के अनुसंधान पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समय-सीमा के अंदर कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नक्सल कांडों का त्वरित निष्पादन करने तथा पेट्रोलिंग पार्टी की गतिविधियों एवं भ्रमण पर QR कोड के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखने हेतु भी निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट ससमय प्राप्त करने, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण करने, वारंट/कुर्की का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर पुलिस पोर्टल, JOFS, PG पोर्टल, NDPS, CCA एवं IT Act से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई एवं अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को E-साक्ष्य पर कांडों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने हेतु भी निर्देशित किया गया।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी थाना/ओ0पी0 प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आमजनों की सुरक्षा एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी एवं संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









