बलरामपुर। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला बलरामपुर की बैठक 4 नवंबर 2026 को यादव भवन बलरामपुर में जिलाध्यक्ष व्यास मुनि यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की ऐतिहासिक लड़ाई के दौरान कुमायूं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 114 वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए 18 नवंबर 2026 को अहीर धाम में आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना था।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 18 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय बलरामपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर रेजांगला के वीर शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बलरामपुर में कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। इस दौरान रेजांगला कलश यात्रा निकाली जाएगी तथा वीर शहीदों की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा और बिरहा गायन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध बिरहा गायक विजय लाल यादव अपनी प्रस्तुति देंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष व्यास मुनि यादव ने कहा कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की लड़ाई भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। कुमायूं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 114 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन वीर जवानों का बलिदान पूरे देश और यादव समाज के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि रेजांगला के वीर शहीदों की वीरता और शहादत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। 18 नवंबर को आयोजित होने वाला कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति समर्पण, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि रेजांगला के वीर जवानों ने जिस अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
बैठक में मुख्य रूप से अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला बलरामपुर के जिलाध्यक्ष व्यास मुनि यादव
, कार्यकारी अध्यक्ष रामाधार यादव,जिला महामंत्री राजेश यादव, जिला उपाध्यक्ष सतनारायण यादव, जिला सचिव अर्जुन यादव, नगर अध्यक्ष बलरामपुर बसंत यादव,
ब्लॉक अध्यक्ष बलरामपुर सुनेश्वर यादव,
ब्लॉक अध्यक्ष रामचंद्रपुर ,दिनेश यादव,
ब्लॉक उपाध्यक्ष बलरामपुर यादव,कामेश्वर यादव,
विवेक यादव, कोषाध्यक्ष बलरामपुर जय लाल यादव , ब्लॉक अध्यक्ष रामानुजगंज रविशंकर यादव, युवा प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष बलरामपुर रविशंकर यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक में सर्वसम्मति से 18 नवंबर को रेजांगला के वीर शहीदों के सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









