होटल के कमरे में युवक की संदिग्ध मौत, दो साथी लापता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रंका मोड़ स्थित होटल उजाला में रातभर चली शराब की महफिल, सुबह बिस्तर पर मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
गढ़वा। जिले के रंका मोड़ स्थित होटल उजाला में मंगलवार की सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ओड़नार गांव निवासी राजन तिवारी (38) के रूप में हुई है। वह पेशे से वाहन चालक था।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजन तिवारी सोमवार की रात होटल में अकेला नहीं था। उसके साथ उसके साले संजय तिवारी सहित दो अन्य लोग भी ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि सभी ने देर रात तक होटल के कमरे में समय बिताया। सुबह कमरे में राजन तिवारी अचेत अवस्था में मिला, जबकि उसके दोनों साथी मौके से गायब थे।
घटना की जानकारी मिलते ही होटल कर्मियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। राजन को जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
साथियों के गायब होने से बढ़ा संदेह
घटना के बाद मृतक के साथ मौजूद बताए जा रहे दोनों लोगों के मौके से गायब होने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रात में कमरे में वास्तव में क्या हुआ था और सुबह दोनों साथी वहां से कब और किस परिस्थिति में निकले।
होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। होटल के कमरे के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक के साथ मौजूद लोगों की गतिविधियों और उनके आने-जाने की जानकारी मिल सके। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें