आज का रॉबिन हुड’ की शूटिंग के दौरान रंका राजपरिवार से घुल-मिल गये थे नाना पाटेकर, ब्रेक में राजा कुमार गोवर्धन प्रसाद सिंह और टुक्कू बाबू से करते थे आत्मीय बातचीत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रंका राजमहल में नाना पाटेकर की वह याद, चार दशक बाद फिर चर्चा में-2

रंका:- नाना पाटेकर के निधन के बाद रंका राजमहल से जुड़ी उनकी करीब चार दशक पुरानी यादें फिर ताजा हो गयी हैं. 1987-88 के दौर में फिल्म ‘आज का रॉबिन हुड’ की शूटिंग रंका राजमहल में हुई थी. नाना पाटेकर, उत्पल दत्त समेत दर्जन भर कलाकार शूटिंग के लिए रंका पहुंचे थे.
राजपरिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर रंका में रुके थे. शूटिंग के बीच मिले ब्रेक में वह रंका राज के राजा कुमार गोवर्धन प्रसाद सिंह और कुमार गिरिशंकर सिंह उर्फ टुक्कू बाबू के साथ काफी आत्मीयता से बातचीत करते थे. परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि उस समय नाना पाटेकर का व्यवहार बेहद सहज और सरल था. बड़े कलाकार होने के बावजूद वह लोगों से सामान्य ढंग से मिलते-जुलते थे.
शूटिंग के दौरान राजमहल में कलाकारों और फिल्म की टीम की मौजूदगी स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी थी. नाना पाटेकर को देखने और शूटिंग की गतिविधियों को करीब से देखने के लिए भी लोगों में उत्सुकता रहती थी.

नाना के निजी फोटोग्राफर ने खींची थीं तस्वीरें
राजपरिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर के निजी फोटोग्राफर ने राजपरिवार के सदस्यों के साथ उनकी तस्वीरें भी खींची थीं. उस समय मोबाइल और डिजिटल कैमरे का दौर नहीं था. ऐसे में करीब चार दशक पुरानी ये तस्वीरें आज उस फिल्मी दौर की महत्वपूर्ण स्मृति बन गयी हैं.
नाना पाटेकर के निधन की खबर के बाद राजपरिवार से जुड़े लोगों के बीच भी उनके साथ बिताये उन दिनों की चर्चा होने लगी है. परिवार से जुड़े लोगों के मुताबिक, उन्हें नाना पाटेकर की सबसे खास बात उनका सहज और आत्मीय व्यवहार याद है.
रंका राजमहल में कैमरे और कलाकारों की वह हलचल
‘आज का रॉबिन हुड’ की शूटिंग ने उस दौर में रंका राजमहल को फिल्मी दुनिया से जोड़ दिया था. कैमरे, कलाकारों और शूटिंग दल की मौजूदगी स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय थी. करीब चार दशक बाद नाना पाटेकर के निधन के साथ राजमहल में बिताये उनके उन दिनों की यादें फिर सामने आ गयी हैं.

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें