गढ़वा पुलिस को मिले 29 नए मोटरसाइकिल वाहन, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गश्ती व्यवस्था होगी मजबूत, अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस सहायता में मिलेगी मदद

गढ़वा। जिले में पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार की ओर से गढ़वा पुलिस को 29 नए मोटरसाइकिल वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। मंगलवार को पुलिस केंद्र, गढ़वा में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नए वाहनों के साथ गढ़वा पुलिस को अब तक कुल 88 मोटरसाइकिल वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) गढ़वा सुश्री यशोधरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा श्री दिल्लू लोहरा, थाना प्रभारी गढ़वा श्री सुनील कुमार तिवारी, पुलिस निरीक्षक गढ़वा अंचल सह सीसीआर प्रभारी श्री संतोष कुमार, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र गढ़वा श्री संदीप कुमार, परिचारी उपस्कर श्री पंकज कुमार भारती तथा परिचारी परिवहन शाखा श्री सतपाल सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

नए मोटरसाइकिल वाहनों के मिलने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की नियमित गश्ती को गति मिलेगी। इससे पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को त्वरित गति से घटनास्थल पर पहुंचने, आम नागरिकों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहूलियत होगी।

इसके अलावा, इन वाहनों के माध्यम से अपराध नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। गढ़वा पुलिस की इस पहल से जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने तथा जनता को बेहतर सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलने की उम्मीद है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें