23 से 28 अक्टूबर तक दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी प्रतियोगिता, राज्य के 13 खिलाड़ियों में गौतम तिवारी भी शामिल
गढ़वा। जिले के उभरते बॉक्सिंग खिलाड़ी गौतम तिवारी ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय विद्यालय संगठन, गढ़वा में कक्षा छह के छात्र गौतम तिवारी का चयन झारखंड राज्य की बॉक्सिंग टीम में हुआ है। वह 23 से 28 अक्टूबर तक दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता के लिए पूरे राज्य से कुल 13 बॉक्सिंग खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें गढ़वा के गौतम तिवारी भी शामिल हैं।
गौतम तिवारी बॉक्सिंग प्रशिक्षक रामप्रवेश तिवारी एवं एनआईएस बॉक्सिंग कोच अजय कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कम उम्र में राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाना उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से गढ़वा जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
गौतम तिवारी के चयन पर गढ़वा जिला बॉक्सिंग संघ के संरक्षक विपिन बिहारी तिवारी एवं मोहम्मद मुमताज राही, अध्यक्ष शिवशंकर पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष हरिनंदन पांडेय, वरीय उपाध्यक्ष लव कुमार दुबे, सचिव सह मुख्य प्रशिक्षक रामप्रवेश तिवारी, कोषाध्यक्ष नितिन तिवारी तथा सह सचिव पुनीत जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, झारखंड बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष उत्तम सिंह, महासचिव आनंद बिहारी दुबे एवं कोषाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने भी खिलाड़ी की उपलब्धि पर खुशी जताई। जिले के एनआईएस बॉक्सिंग कोच अजय कुमार सहित अन्य खिलाड़ियों ने गौतम तिवारी को शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
गौतम की इस उपलब्धि पर बॉक्सिंग खिलाड़ी आराध्या कुमारी, अनन्या कुमारी, पीहू कुमारी, सिंकी कुमारी, प्रेमलता कुमारी, आर्य कुमारी, शिवम कुमार, आयुष कुमार, चंद्रशेखर चौधरी, पांडेय, सीटू कुमार, सृष्टि तिवारी, श्रेयांशी कुमारी, अमीषा एवं उजाला ने भी हर्ष व्यक्त किया।
गढ़वा के खेल जगत को उम्मीद है कि गौतम तिवारी दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









