स्कॉर्पियो की टक्कर से एएसआई राजेंद्र बैठा की मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। जिले के डुमरो गांव के समीप एनएच-39 फोरलेन पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में मेराल थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजेंद्र बैठा (48) की मौत हो गई। विभागीय कार्य से गढ़वा आए पुलिसकर्मी की बाइक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के पुरन बैठा के पुत्र राजेंद्र बैठा विभागीय कार्य से गढ़वा आए हुए थे। इसी दौरान डुमरो गांव के समीप विपरीत दिशा से गलत लेन में आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र बैठा को तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ दिल्लू लोहार, थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित चौबे सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों और सहकर्मियों ने घटना की जानकारी लेते हुए शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

राजेंद्र बैठा के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में गहरा दुख व्याप्त है। सहकर्मियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।

घटना के बाद सदर अस्पताल में परिजनों एवं पुलिसकर्मियों की भीड़ जुटी रही। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी रही।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें