दो वर्षों में विकास की कोई नई योजना धरातल पर नहीं उतार सके गढ़वा विधायक, पुराने कार्यों का श्रेय लेने का कर रहे प्रयास : झामुमो
गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने कल्याणपुर स्थित आवास पर प्रेसवार्ता आयोजित कर गढ़वा के भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के कार्यकाल में स्वीकृत विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कर राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप लगाया। झामुमो नेताओं ने कहा कि विधायक को फिलहाल वर्ष 2027 के अंत तक नई योजनाओं को स्वीकृति दिलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि पूर्व मंत्री के कार्यकाल में स्वीकृत कई योजनाएं अभी भी धरातल पर उतर रही हैं। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि विधायक पूर्व से स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें।
झामुमो नेताओं ने कहा कि गढ़वा विधायक विद्यालयों में तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण का शिलान्यास कर इसे केंद्र सरकार की योजना बताकर प्रचारित कर रहे हैं, जबकि जिले में संचालित विकास कार्यों में राज्य सरकार और जिला अनाबद्ध निधि की राशि का उपयोग हो रहा है। जिस विद्यालय में हाल में शिलान्यास किया गया है, वहां भी प्लस-टू की पढ़ाई पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के प्रयास से शुरू कराई गई थी। ऐसे में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं का श्रेय लेने के बजाय विधायक को विकास की नई योजनाएं लाने पर ध्यान देना चाहिए। गढ़वा विधायक को चैलेंज है की एक भी योजना को प्रमाणित कर दें की वह केंद्र सरकार से स्वीकृत होकर आई है।
प्रेसवार्ता में नेताओं ने पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के वर्ष 2014 से 2019 तक के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान जिले के कई विद्यालय बंद कर दिए गए थे। इसके कारण प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पढ़ाई के लिए पांच किलोमीटर तक पैदल जाना पड़ता था। पारा शिक्षकों के साथ भी अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया। कई शिक्षकों पर मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए कुछ शिक्षकों ने अपनी जान तक गंवा दी।
झामुमो नेताओं ने कहा कि पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए। जिले में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों का संचालन सीबीएसई की तर्ज पर किया जा रहा है। रमासाहू उच्च विद्यालय, कन्या उच्च विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं से लैस किया गया। इसके अलावा जिले के कई विद्यालयों को प्लस-टू का दर्जा दिलाया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने आसपास ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकी।
नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। विधायक दो किलोमीटर सड़क अथवा विकास की दो नई योजनाओं को भी स्वीकृति दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं कर सके हैं। पूर्व में स्वीकृत योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर वाहवाही बटोरने के साथ ही उन्हें केंद्र सरकार की योजना बताकर प्रचारित किया जा रहा है। जबकी गढ़वा में विकास के लिए उन्हें विभागीय सचिव और विभिन्न स्तर पर प्रयास करना चाहिए।
झामुमो नेताओं ने कहा कि गढ़वा विधानसभा की जनता अब झूठे प्रचार, राजनीतिक दिखावे और गाली-गलौज की राजनीति को भलीभांति पहचान चुकी है। जनता को विधायक से विकास की उम्मीद थी, लेकिन वर्तमान कार्यशैली से लोगों में निराशा है। हिंदू-मुस्लिम, जातपात की राजनीति, पूर्व मंत्री के खिलाफ अनाप-शनाप बयान बाजी करके वह जनता की नज़रों में धूल झोंकने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता में झामुमो मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे, शरीफ अंसारी, चंदन जायसवाल, राजेश कुमार गुप्ता, मनीष कमलापुरी, अरविंद यादव एवं आशीष अग्रवाल उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









