गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी ने क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 22 तारीख को अस्पताल के सामने खजूरी से शंखा तक बन रही सड़क में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिनमें कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की भी चर्चा हो रही है।
विधायक ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के कारण स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्थिति स्पष्ट करने के लिए ठेकेदार को बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बावजूद जल्दबाजी में सड़क और नाली का निर्माण शुरू कर दिया गया, जिससे समस्याएं और बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क और नाली का स्तर दुकानों से ऊंचा बना दिया गया है, जिससे बरसात के दिनों में पानी दुकानों और घरों में घुसने की आशंका है। यह स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकती है।
विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की गलत कार्रवाई की गई तो वे कड़ी प्रतिक्रिया देंगे। साथ ही उन्होंने जिले के पूर्व एसपी पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बड़ी संख्या में हथियारों के लाइसेंस जारी किए गए, जिससे आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है।
विधायक ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, और जरूरत पड़ी तो वे इसके लिए हर स्तर तक जाने को तैयार हैं।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










