महाराणा प्रताप जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा शहर में शनिवार को क्षत्रिय गौरव मंच की ओर से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह उर्फ चुड़ू सिंह ने की। वहीं कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने महाराणा प्रताप की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में गिरिनाथ सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। उन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के साहस और देशभक्ति से प्रेरणा लेने की अपील की।
मंच के महासचिव जितेन्द्र सिंह ने समाज में एकता और जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने से नई पीढ़ी को इतिहास और संस्कृति की जानकारी मिलती है। क्षत्रिय गौरव मंच आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य और संघर्ष को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जसवंत सिंह, बाबूल सिंह, उमेश सिंह, कृपाल सिंह, धर्मेंद्र सिंह, बिबकी सिंह, नवीन सिंह, अनुज सिंह, लक्की सिंह और राजा सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें