गढ़वा स्थानीय जीएन कान्वेंट(10+2) स्कूल के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए विद्यालय की निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि नवरात्रि के भक्तिमय एवं पावन बेला में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का आयोजन एक अत्यंत सुखद संयोग है। आज का दिन केवल एक तारीख नहीं बल्कि इस बात का संकल्प लेने का अवसर है कि हम अपने समाज में बेटियों को वो हर अवसर देंगे जिसकी वह हकदार हैं। सदियों से हमारे समाज में बालिकाओं को भेदभाव और रूढ़िवादिता का सामना करना पड़ा है लेकिन आज भारत और दुनिया भर की बेटियां साबित कर चुकी हैं कि यदि उन्हें सही शिक्षा और अवसर मिले तो वे हर नामुमकिन को मुमकिन बना सकती हैं। वहीं आज हमारी बेटियां अंतरिक्ष से लेकर खेल के मैदान और देश की सीमाओं तक तिरंगा फहरा रही हैं। इस दिवस के मानने के कारणों का उल्लेख करते हुए निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि यह दिवस इसलिए मनाया जाता है ताकि हम बाल विवाह,शिक्षा और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से खत्म कर सके। बेटी न केवल एक परिवार को संवारती है बल्कि पूरे राष्ट्र की दशा व दिशा बदल सकती हैं। सबका आह्वान करते हुए निदेशक ने कहा कि आइए आज इस प्रांगण में हम सब मिलकर यह प्रण लें कि हम बेटियों के पंखों को उड़ान देंगे, उनकी शिक्षा में सहयोग करेंगे और उन्हें भय मुक्त व सुरक्षित वातावरण प्रदान करेंगे। इसी आलोक में आज जीएन कान्वेंट स्कूल में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर भक्ति और शक्ति का अनुपम संगम देखा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक कृष्ण कुमार,वीरेंद्र शाह, मुकेश भारती,नीलम कुमारी, सुनीता कुमारी, सरिता दुबे, चंदा कुमारी, पूजा प्रकाश, दिनेश कुमार, संतोष प्रसाद आदि की भूमिका सराहनीय रही। इस कार्यक्रम की इंचार्ज नीरा शर्मा ने विषय प्रवेश किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपप्राचार्य बसंत ठाकुर ने किया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










