खटाल के गंदे पानी से मुख्य सड़क जलमग्न, छठ महापर्व पर संकट में 50 परिवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 स्थित सहजना गोरिया स्थान के समीप खटाल से निकलने वाला गंदा पानी पिछले दो महीने से मुख्य सड़क पर बह रहा है। इससे सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर करीब 50 परिवारों की चिंता बढ़ गई है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, खटाल का गंदा पानी लगातार सड़क पर जमा होने से रास्ते की स्थिति बदतर हो गई है। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घर से निकलने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं, गंदे पानी से निकलने वाली दुर्गंध और मच्छरों के कारण आसपास के लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।

सबसे गंभीर स्थिति छठ पूजा को लेकर है। इसी रास्ते से होकर व्रती और श्रद्धालु छठ घाट तक पहुंचते हैं। सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा रहने से व्रतियों को घाट तक जाने में काफी परेशानी हो सकती है। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो करीब 50 परिवारों का छठ महापर्व प्रभावित हो सकता है।

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उपायुक्त एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खटाल से निकलने वाले गंदे पानी के बहाव पर रोक लगाई जाए तथा सड़क की तत्काल सफाई और मरम्मत कराई जाए, ताकि छठ महापर्व से पहले आवागमन सुचारु हो सके।

प्रभावित लोगों में राकेश तिवारी, सुनील पांडेय, रवि शुक्ला, सुधीर तिवारी, शैलेश पंडित, लालेश्वर सिंह, अजित तिवारी, अरविंद सिंह, प्रभाकर धर दुबे, प्रदीप चंद्रवंशी, राजू दुबे, आलोक मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, संतोष मिश्रा, उदय सिंह, विजय पांडेय, बलविंद्र सिंह एवं उमेश पाल सहित अन्य लोग शामिल हैं।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें