चिनिया (गढ़वा)। इंडो इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, चिनिया में छठ महापर्व की महत्ता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं प्रकृति के प्रति सम्मान की जानकारी दी गई। बच्चों को लोक आस्था के महापर्व छठ के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व से अवगत कराया गया।
विद्यालय में इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा उनमें प्रकृति, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को चार प्रमुख संदेश दिए गए, जिनमें सांस्कृतिक विरासत की समझ, प्रकृति और स्वच्छता का महत्व, अनुशासन एवं सहयोग की भावना तथा सामाजिक एकता और समानता शामिल हैं।
विद्यालय के निदेशक इंजीनियर बलवंत कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ प्रकृति, स्वच्छता और सामाजिक एकता का महत्व समझाना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक इंजीनियर बलवंत कुमार यादव, प्रधानाध्यापक इंजीनियर राजीव कुमार एवं मैनेजिंग डायरेक्टर इंजीनियर जयंत कुमार यादव उपस्थित रहे। वहीं शिक्षक कमलेश यादव, कामेश्वर यादव, अजय मिस्त्री, औरंगजेब, निरंजन, प्रणव राज, सुधा लकड़ा, आरती एवं चांदनी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी सहभागिता निभाई।
छात्र-छात्राओं में शिवानी, काजल, प्रवीण, पायल, खुशी, सुषमा, अमन, सत्यम, अनिल सहित अन्य विद्यार्थी मौजूद थे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










