पलामू। हुसैनाबाद के दंगवार ओपी प्रभारी पर वांटेड नक्सली को पकड़ने के बाद कथित तौर पर छोड़ देने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की है। एसपी ने दंगवार ओपी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस की ओर से वारंटी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दंगवार ओपी पुलिस ने बिहार के मोतिहारी जिले से जुड़े वांटेड नक्सली बताए जा रहे राजेंद्र पासवान को 22 सितंबर की रात करीब 12 बजे पकड़ा था।
आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद निर्धारित पुलिस प्रक्रिया का पालन किए बिना राजेंद्र पासवान को उसी रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच ओपी से छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को मिलने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए दंगवार ओपी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को किन परिस्थितियों में छोड़ा गया, इसकी पड़ताल की जा रही है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









