हुसैनाबाद में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, दंगवार का प्रिया नर्सिंग होम सील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिना वैध निबंधन संचालन का आरोप, जांच में जरूरी दस्तावेज नहीं कराए गए प्रस्तुत

पलामू। हुसैनाबाद अनुमंडल के दंगवार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रिया नर्सिंग होम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। विभाग के अनुसार, नर्सिंग होम का संचालन बिना वैध निबंधन के किया जा रहा था। कार्रवाई क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई।

बताया गया कि दंगवार क्षेत्र में लंबे समय से निर्धारित मानकों के अनुरूप न चलने वाले क्लिनिकों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रिया नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने नर्सिंग होम के निबंधन, निर्धारित मानकों के अनुपालन और आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संचालक जांच टीम के समक्ष आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में नर्सिंग होम को सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनेश कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड लेखा प्रबंधक एवं कार्यालय लिपिक मौजूद रहे।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध निबंधन और निर्धारित मानकों का पालन किए किसी स्वास्थ्य संस्थान का संचालन नहीं किया जा सकता। ऐसे संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना निबंधन संचालित किए जा रहे अन्य क्लिनिकों के संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि इलाज के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का ही चयन करें।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें