पलामू में खुलेगा PIU साइड ऑफिस, दशहरा से पहले हाईवे के गड्ढे भरने का निर्देश
पलामू। पलामू लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों की निर्माणाधीन एवं लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित NHAI मुख्यालय में चेयरमैन संतोष कुमार यादव के साथ बैठक की। बैठक में पलामू एवं गढ़वा से संबंधित NH-39, NH-139 और NH-98 की परियोजनाओं में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनों के साथ आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
सांसद ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर के लगातार तबादलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे परियोजनाओं की निगरानी और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। NHAI चेयरमैन ने अनावश्यक तबादलों से बचने का आश्वासन दिया। साथ ही परियोजनाओं की निगरानी और कार्यों में तेजी के लिए पलामू में PIU का साइड ऑफिस खोलने की स्वीकृति दी गई।
बैठक में मानसून के कारण सतबरवा, पोलपोल, डालटनगंज, पड़वा, रमना, नगर उंटारी, हरिहरगंज और छतरपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों पर बने गड्ढों का मामला भी उठाया गया। चेयरमैन ने इन्हें फास्ट ट्रैक पर भरने का निर्देश देते हुए दशहरा से पहले सड़कों को आवागमन योग्य बनाने का भरोसा दिया।
सतबरवा बाईपास पर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण वैकल्पिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। वहीं, डालटनगंज बाईपास के पोखराहा में VUP और जोड़ में LVUP के लंबित कार्यों को लेकर रेलवे से समन्वय की जानकारी दी गई। हाईटेंशन वायर हटाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने की बात कही गई।
सांसद ने भोगू-संखा सेक्शन में प्रस्तावित फ्लाईओवर को शीघ्र मंजूरी देने, प्रभावित सिविल कार्यों में तेजी लाने तथा वृक्षारोपण एवं फॉरेस्ट क्लीयरेंस से जुड़े लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन की मांग भी रखी।
इसके अलावा मेदिनीनगर टोल प्लाजा पर फोर-लेनिंग का कार्य पूरा होने तक स्थानीय वाहनों को उचित टोल राहत देने तथा NH-39 पैकेज-V और NH-139 के पूर्ण हिस्सों का शीघ्र उद्घाटन कर जनता को समर्पित करने का आग्रह किया गया।
सांसद ने कहा कि पलामू-गढ़वा के राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क के लिए महत्वपूर्ण हैं। निर्माणाधीन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी दूर कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना प्राथमिकता है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









