कल्याणपुर, गढ़वा | 6 नवंबर 2026।
गोपीनाथ सिंह महिला महाविद्यालय, कल्याणपुर, गढ़वा में शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 सप्ताह संकल्प अभियान” के अंतर्गत दीपावली के पावन अवसर पर दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की NSS पदाधिकारी डॉ. अनीता तूफानी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में दीपावली के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा समाज में सकारात्मकता, जागरूकता और सद्भाव का संदेश देती है। इसी भावना के साथ युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से पधारे श्री कुमार संजीव शरण ने छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान दीपावली के स्नेह, प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के संदेश को साझा किया गया। साथ ही उपस्थित छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ अर्चना. कुमारी, डॉ. शीशम साहू, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. कविता, डॉ महिपाल, प्रो रंजीत कुमार सोनी, डॉ प्रीती सिंह, प्रो. नेलन तिर्की, प्रो. सुनील पाल, रामाशंकर सिंह, मुकेश कुमार, सम्पत सिंह सहित अन्य महाविद्यालय कर्मियों की सहभागिता रही।
अंत में सभी ने दीपावली की शुभकामनाओं के साथ समाज को नशामुक्त बनाने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










