कोयल नदी एवं तहले नदी के पावन संगम से उठाया गया जल, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई पूजा-अर्चना* (गढ़वा) शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सतराम बाबा दुर्गा पूजा समिति, ग्राम करुआ खुर्द की ओर से रविवार को भव्य कलश यात्रा सह जल यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में समस्त ग्रामवासियों, माता-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गाजे-बाजे और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली इस दिव्य यात्रा से पूरा गांव भक्तिरस में डूब गया।
कलश यात्रा का शुभारंभ दुर्गा मंडप परिसर से वाराणसी से पधारे विद्वान आचार्य पंडित शैलेंद्र शुक्ला जी की उपस्थिति में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। श्रद्धालु अपने-अपने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा कोयल नदी एवं तहले नदी के पावन संगम स्थल पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पवित्र जल का उठाव किया।
इसके पश्चात श्रद्धालु पवित्र जल लेकर देवी धाम, करुआ खुर्द पहुंचे। वहां दुर्गा मंडप की परिक्रमा करने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने अपने-अपने कलश की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय जयघोष और धार्मिक उल्लास से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस धार्मिक आयोजन में करुआ कला पंचायत के पूर्व मुखिया सिद्धेश्वर उपाध्याय, समिति के अध्यक्ष विजय दुबे, कोषाध्यक्ष शशिकांत उपाध्याय, मीडिया प्रभारी देवेंद्र नाथ उपाध्याय, सचिव अमित कुमार उपाध्याय, टिंकल उपाध्याय, कामेश्वर उपाध्याय, कन्हैया उपाध्याय, शिवनारायण उपाध्याय, अरविंद दुबे, मनोज उपाध्याय, भिखारी उपाध्याय, विजय उपाध्याय, रामलाल चंद्रवंशी, अशोक उपाध्याय, बबलू उपाध्याय एवं ओंकार नाथ उपाध्याय सहित समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना में मुख्य यजमान के रूप में बसंत उपाध्याय एवं प्रभावती देवी शामिल हुए। सभी ने मां दुर्गा से ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
श्रद्धा, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बनी कलश यात्रा
सतराम बाबा दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित यह भव्य कलश यात्रा ग्राम करुआ खुर्द की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर उदाहरण बनी। आयोजन में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी ने नवरात्र महोत्सव की रौनक बढ़ा दी। पूरे आयोजन में श्रद्धा, समर्पण और मां दुर्गा के प्रति अटूट विश्वास की झलक देखने को मिली।
जय माता दी! जय मां दुर्गा! 🙏🌺
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










