गुप्त सूचना पर चैनपुर पुलिस ने की छापेमारी, आरोपी के पास से देशी कट्टा, जिंदा गोली, मोबाइल समेत कई सामान बरामद
पलामू। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पलामू पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पथरा छठ घाट से एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रात्रि में मिली गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर थाना की गश्ती टीम ने ग्राम नरसिंहपुर स्थित पथरा छठ घाट पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस बल को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध युवक को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश कुमार चौरसिया के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक स्क्रीन टच मोबाइल, स्मार्ट घड़ी, स्टील का कड़ा, ताश के पत्ते और 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, हथियार और गोली के संबंध में युवक कोई संतोषजनक जवाब या वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में चैनपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद सामानों की सूची तैयार कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस छापेमारी अभियान में चैनपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









