गढ़वा की बेटी डॉ. पूजा कमलापुरी ने पहले ही प्रयास में FMGE परीक्षा की उत्तीर्ण, 191 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़वा: शहर के सोनपुरवा निवासी डॉ. पूजा कमलापुरी ने विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा (FMGE) अक्टूबर 2026 में प्रथम प्रयास में सफलता हासिल कर गढ़वा जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस परीक्षा में 191 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

डॉ. पूजा कमलापुरी के पिता दिलीप प्रसाद कमलापुरी एवं माता सरिता कमलापुरी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा आरके पब्लिक स्कूल, गढ़वा से दसवीं कक्षा तक पूरी की। इसके बाद डीपीएस वाराणसी से 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई की। आगे की मेडिकल शिक्षा के लिए उन्होंने रूस स्थित पर्म स्टेट यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।

एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अक्टूबर 2026 में आयोजित FMGE परीक्षा में हिस्सा लिया और पहले ही प्रयास में 191 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। परीक्षा 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित हुई थी, जबकि इसका परिणाम 10 नवंबर 2026 को घोषित किया गया।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 की FMGE परीक्षा में कुल 40,923 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 9,354 अभ्यर्थी सफल हुए। परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 22.86 रहा।

कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त करना डॉ. पूजा कमलापुरी की मेहनत, लगन और समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से सोनपुरवा सहित पूरे गढ़वा जिले में हर्ष का माहौल है।

संजय कुमार यादव
Author: संजय कुमार यादव

संवाददाता

और पढ़ें