पलामू। पांडू थाना क्षेत्र के पांडू बाजार में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया। बेखौफ चोरों ने माँ भगवती ज्वेलर्स की पिछली दीवार तोड़कर दुकान में सेंधमारी की और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह चोरी की घटना सामने आने के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आक्रोशित व्यवसायियों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जाता है कि पांडू बाजार में ज्वेलर्स दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की यह लगातार तीसरी घटना है। बार-बार हो रही वारदातों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यवसायियों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि जब बाजार की प्रमुख दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो छोटे दुकानदार अपनी सुरक्षा को लेकर कैसे आश्वस्त रहें? लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
आक्रोशित व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने, वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा बाजार में नियमित पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









