गढ़वा मंझिआंव। मंझिआंव प्रखंड अंतर्गत दवनकारा गांव में आगामी दुर्गा पूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर ग्रामीणों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा को पूरे विधि-विधान, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में मनाई जाएगी। आयोजन को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए दुर्गा पूजा समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से अनंत प्रसाद यादव को अध्यक्ष, हरेराम विश्वकर्मा को सचिव तथा दुर्गेश कुमार दुबे को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित समिति के पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों को स्वीकार करते हुए कहा कि पूजा पंडाल के निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही पूजा के दौरान सभी लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समिति के सदस्य अमित कुमार सौरभ, सूर्यदेव यादव, उज्जवल दुबे, रंजीत पासवान, गोपाल विश्वकर्मा, गुंजन दुबे, राजू यादव, बच्चन पासवान, नवनीत दुबे सहित गांव के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










