पलामू। पांडू प्रखंड अंतर्गत मुसीखाप गांव में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक विश्वकर्मा मंदिर अब आकार लेने लगा है। मंदिर निर्माण कार्य इन दिनों जोर-शोर से जारी है। निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों एवं समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर निर्माण में मुसीखाप के विश्वकर्मा एवं शर्मा परिवार के लोग बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। वहीं समाज के अन्य लोग भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करते हुए निर्माण कार्य को गति देने में जुटे हैं। सामूहिक सहयोग से मंदिर का निर्माण कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है।
समाज के लोगों ने बताया कि विश्वकर्मा मंदिर का निर्माण केवल धार्मिक दृष्टिकोण से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता का भी केंद्र बनेगा। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी उम्मीद जताई जा रही है।
निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों से सहयोग लिया जा रहा है। समाज के लोगों ने क्षेत्रवासियों से मंदिर निर्माण में यथासंभव सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि सामूहिक सहयोग और सहभागिता से मंदिर का निर्माण जल्द पूरा किया जा सकेगा।
मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद यह मुसीखाप सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक स्थल के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










