गढ़वा, 27 सितंबर 2026। झारखंड पेंशनर्स कल्याण समाज, गढ़वा के अध्यक्ष केके यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति की प्रथम बैठक 28 सितंबर 2026 को समाज के कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
उन्होंने बताया कि जिन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किसी कारणवश पूर्व में शपथ ग्रहण नहीं किया है, उनका शपथ ग्रहण भी बैठक के दौरान कराया जाएगा।
बैठक के प्रमुख एजेंडों में विगत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि, 26 जुलाई 2026 को संपन्न अधिवेशन के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर उसका अनुमोदन, कल्याण कोष की समीक्षा तथा नवंबर 2026 से सदस्यता अभियान शुरू करने को लेकर विचार-विमर्श शामिल है।
इसके अलावा अधिवेशन में पारित प्रस्ताव एवं मांग पत्र उपायुक्त तथा राज्याध्यक्ष को भेजने, सभा पटल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा अन्य संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। अंत में अध्यक्ष के संबोधन के बाद बैठक की कार्यवाही समाप्त की जाएगी।
अध्यक्ष केके यादव ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं पेंशनरों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता










