बलरामपुर। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में 22 नवंबर 2026, रविवार को रेजांगला शौर्य दिवस एवं रज कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की धरती पर अदम्य साहस, वीरता और देशभक्ति का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 114 वीर अहीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम दोपहर एक बजे से हाई स्कूल परिसर, बलरामपुर में आयोजित होगा। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा, रज कलश यात्रा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम के माध्यम से वीर शहीदों को नमन किया जाएगा। वहीं, रात आठ बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत वीर रस से ओतप्रोत बिरहा गायन का आयोजन होगा।
बिरहा कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के चंदौली से देवनाथ यादव एवं बिहार के बक्सर से श्रीमती मीरा मूर्ति यादव के बीच शानदार गायन मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम में समाज के लोगों को वीर शहीदों के गौरवशाली इतिहास, उनके त्याग और बलिदान से परिचित कराने के साथ सामाजिक एकता, सम्मान एवं स्वाभिमान का संदेश दिया जाएगा।
यादव महासभा के पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों, माताओं-बहनों एवं युवाओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर वीर अहीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि शहीदों का शौर्य और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
विनीत : अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़)।
Author: संजय कुमार यादव
संवाददाता









